आगर मालवा

नगर पालिका आगर की बड़ी कार्रवाई माधवगंज क्षेत्र में पॉलीथिन जब्त, जुर्माना

Listen to this article

माधवगंज क्षेत्र में 19 किलो पॉलीथिन जब्त, 2800 रुपए का जुर्माना

आगर। नगर पालिका आगर की पॉलिथिन जप्ती टीम ने बुधवार को माधवगंज क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए विभिन्न दुकानों से 19 किलो पॉलीथिन जब्त की। इस दौरान कुल 2800 रुपए का जुर्माना भी वसूला गया।

दुकानदारों पर लगा जुर्माना

कार्रवाई के दौरान रोहित गवली और कनक जैन दूध डेरी से 1000-1000 रुपए का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा विजय किराना स्टोर, शुभम सक्सेना और कैलाश चंद से 200-200 रुपए का अर्थदंड लिया गया।

निरीक्षण दल और सहयोगी

इस अभियान का नेतृत्व स्वच्छता निरीक्षक बसंत डुलगज ने किया। उनके साथ राकेश सूर्यवंशी और कृष्ण कुमार श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। कार्रवाई में एनजीओ एसके मैनेजमेंट टीम और नगर पालिका के कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल हुए।

कड़ी चेतावनी

नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आगे भी इस तरह की कार्रवाइयाँ जारी रहेंगी। अमानक या अवैध पॉलीथिन मिलने पर दुकानदारों के खिलाफ और सख्त कदम उठाए जाएंगे

पॉलिथिन से होने वाला नुकसान

स्वच्छता निरीक्षक बसंत डुलगज ने मौके पर दुकानदारों और आम नागरिकों को पॉलिथिन से होने वाले खतरों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि—

  • पॉलिथिन से पर्यावरण को गहरा नुकसान पहुँचता है।
  • यह नालियों और सीवरेज लाइनों को जाम कर देती है।
  • पशुओं के स्वास्थ्य पर इसका बुरा असर पड़ता है क्योंकि वे अक्सर पॉलिथिन खा लेते हैं।
  • मिट्टी की उर्वरा शक्ति कम हो जाती है।
  • जल स्रोत प्रदूषित होते हैं और जलीय जीवों का जीवन संकट में पड़ जाता है।

नागरिकों से अपील

नगर पालिका ने नागरिकों से अपील की है कि वे पॉलिथिन का उपयोग बंद करें और वैकल्पिक थैलियों जैसे कपड़े या जूट का प्रयोग करें। ऐसा करने से न केवल पर्यावरण सुरक्षित रहेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण तैयार किया जा सकेगा।